मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ‘स्कूल चलो अभियान’ का किया शुभारंभ



वाराणसी - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर वरुणापार जोन में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ किया। और शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन किया।  

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि  शिक्षा सिर्फ सर्टिफिकेट या डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, यह मनुष्य को संस्कारित करने और समाज-राष्ट्र का भविष्य गढ़ने का सशक्त माध्यम है। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अनुरोध किया कि 1 से 15 अप्रैल तक हर शिक्षक को स्कूल चलो अभियान से जुड़ना चाहिए। श्री योगी ने कहा कि यूपी के बेसिक व माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों-गुरुजनों ने परिश्रम कर ऑपरेशन कायाकल्प को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।  

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश में आए परिवर्तन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा के सभी विद्यालयों में बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय, पेयजल की व्यवस्था की गई। ड्रॉप आउट रेट 19 से घटकर मात्र 3 फीसदी हो गया है। यूपी में अब स्कूली शिक्षा पर 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होते हैं। उन्होंने बताया कि 9 वर्ष में लगभग 60 लाख नए बच्चों को बेसिक शिक्षा के स्कूलों से जोड़ा गया है। इस मौके पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह ने  बताया कि यह अभियान 6 से 14 वर्ष की आयु के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने और उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए है।  इससे पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन कर देश-प्रदेश में लोक कल्याण और सुख शान्ति की कामना की।