CISF ने संभाली RRTS 'नमो भारत' कॉरिडोर की सुरक्षा



नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में शहरी परिवहन सुरक्षा के लिए एक बड़े कदम के रूप में न्यू अशोक नगर में आयोजित एक समारोह के दौरान रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) 'नमो भारत' कॉरिडोर की सुरक्षा औपचारिक रूप से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) को सौंप दी गई। यह कार्यक्रम भारत के पहले हाई-स्पीड रीजनल ट्रांजिट सिस्टम की सुरक्षा के लिए CISF की पूर्ण तैनाती की शुरुआत का प्रतीक है, जो पूरे NCR में यात्रियों के लिए सुरक्षित और बेहतर यात्रा सुनिश्चित करेगा।

समारोह के दौरान, एनसीआरटीसी (NCRTC) के प्रबंध निदेशक श्री शलभ गोयल ने सीआईएसएफ (CISF) के महानिदेशक (DG) श्री प्रवीर रंजन को एक प्रतीकात्मक चाबी सौंपी। यह इस नई पीढ़ी के हाई-स्पीड ट्रांजिट सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में एक प्रमुख मील का पत्थर है। कार्यक्रम की शुरुआत सीआईएसएफ के महानिदेशक द्वारा जवानों के आवास (बैचलर अकोमोडेशन) के निर्माण के लिए भूमि पूजन/शिलान्यास के साथ हुई। यह आरआरटीएस ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ जवानों के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सीआईएसएफ और एनसीआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने परिचालन और बुनियादी ढांचे की तैयारियों का जायजा लिया और कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए तैनात जवानों से बातचीत की।

सीआईएसएफ की तैनाती से पूरे आरआरटीएस नेटवर्क में कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, जिसमें उन्नत निगरानी प्रणाली (एडवांस्ड सर्विलांस सिस्टम), एक्सेस कंट्रोल, तोड़फोड़ विरोधी जांच और तुरंत प्रतिक्रिया देने की क्षमताएं शामिल हैं।