लखनऊ - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही उपभोक्ताओं की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए इसकी गहन जांच के निर्देश दिए हैं। कल ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ओवर बिलिंग की समस्या की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में नगर विकास और ऊर्जा मंत्री ए.के.शर्मा ने आज लखनऊ में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, के साथ साथ प्रदेश के सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान ऊर्जा मंत्री ने स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिससे उपभोक्ता स्मार्ट मीटर के लाभ, उपयोगिता और संचालन प्रणाली को समझ सकें। ऊर्जा मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर में पर्याप्त बैलेंस बनाए रखने के लिए नियमित रूप से जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात में समाप्त होता है, तो उसका विद्युत कनेक्शन रात में नहीं काटा जाएगा। इसी प्रकार, अवकाश के दिनों में भी किसी उपभोक्ता का कनेक्शन काटा नहीं जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।