मुंबई (डेस्क) - प्रख्यात गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले का आज मुंबई में निधन हो गया। वे बयानवे वर्ष की थीं। उनका अंतिम संस्कार कल शाम चार बजे शिवाजी पार्क में होगा। गायिका की पौत्री जनाई भोसले ने बताया कि उनको सीने में संक्रमण और कमजोरी के कारण कल शाम मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आशा भोसले का करियर आठ दशक से अधिक लंबा रहा और वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं।
आशा भोसले ने अपने आठ दशकों से भी अधिक लंबे कार्यकाल में विभिन्न भाषाओं में बारह हजार पांच सौ से ज्यादा गीत रिकॉर्ड किए। उन्होंने मराठी फिल्मों से अपने करिअर की शुरुआत की और 1948 में ‘चुनरिया’ फिल्म के साथ हिंदी फिल्म जगत में प्रवेश किया था। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, अठारह महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार, नौ फिल्मफेयर पुरस्कार जिनमें एक लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी शामिल है, तथा सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायन के लिए रिकॉर्ड सात फिल्मफेयर पुरस्कार प्राप्त हुए। वर्ष 2000 में उन्हें सिनेमा के क्षेत्र में भारत का सर्वोच्च सम्मान दादासाहेब फालके पुरस्कार प्रदान किया गया। वर्ष दो हजार आठ में भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया।