हापुड़ - उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे में छह बारातियों की दर्दनाक मौत हो गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा धौलाना थाना क्षेत्र के कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर उस वक्त हुआ जब गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात वापस लौट रही थी।
चश्मदीदों के मुताबिक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर एक ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद भारी-भरकम ट्रक बस के ऊपर ही पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और यात्री मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही एसपी हापुड़ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।