बरेली/लखनऊ - बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, चेकबुक, ट्रस्ट की मोहर, बैंक दस्तावेज और अवैध असलहा बरामद किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी फर्जी ट्रस्ट और बैंक खातों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी को अंजाम देते थे। यह गैंग एपीके फाइल (SMS Listener) के जरिए लोगों के मोबाइल और बैंकिंग एसएमएस तक पहुंच बनाकर खातों को नियंत्रित करता था और ठगी की रकम को मल्टी-लेयर खातों में ट्रांसफर कर देता था।
जांच में 22 बैंक खातों के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर 524 शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के तार अन्य राज्यों के साथ-साथ विदेशी नेटवर्क से भी जुड़े हैं। आरोपियों के मोबाइल से करीब 1.55 करोड़ रुपये के लेनदेन का डेटा भी बरामद हुआ है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्कॉर्पियो वाहन सहित आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आईटी एक्ट, बीएनएस और आयुध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।