जयपुर। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राजस्थान में भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार मध्य राजस्थान के ऊपर बने नए मौसम तंत्र के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।
आईएमडी के मुताबिक पूर्वी राजस्थान के जिलों में 19 से 22 अप्रैल तक लू चलने के आसार हैं, जबकि पश्चिमी राजस्थान में 21 और 22 अप्रैल को भीषण गर्मी के साथ लू का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे रातें भी गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग ने आमजन को दोपहर के समय तेज धूप से बचने, अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है।