चारधाम यात्रा शुरू, गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले



नई दिल्ली : उत्तराखंड में आज से पवित्र चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है । परंपरा के अनुसार सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जहां बड़ी संख्या में भक्तों की उपस्थिति रही।
 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गंगोत्री धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके साथ ही केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
 
भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो चुकी है। डोली आज फाटा में रात्रि विश्राम करेगी, इसके बाद सोमवार को गौरीकुंड पहुंचेगी। वहां से आगे बढ़ते हुए 21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जबकि 22 अप्रैल को विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।