नई दिल्ली : अटल पेंशन योजना ने एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। 21 अप्रैल 2026 तक इस योजना में कुल नामांकन 9 करोड़ के पार पहुंच गया है। यह देश में असंगठित क्षेत्र के लिए सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में से एक मानी जा रही है।
वित्त वर्ष 2025-26 में ही 1 करोड़ 35 लाख से अधिक नए लोग इस योजना से जुड़े हैं, जो अब तक का सबसे अधिक वार्षिक नामांकन है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि लोगों के बीच इस पेंशन योजना के प्रति भरोसा लगातार बढ़ रहा है। 2015 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्य गरीब, वंचित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। इसके तहत 60 वर्ष की आयु के बाद लाभार्थी को 1,000 रुपये से 5,000 रुपये तक की गारंटीड मासिक पेंशन मिलती है।
योजना में यह भी प्रावधान है कि लाभार्थी की मृत्यु के बाद जीवनसाथी को भी पेंशन का लाभ मिलता है। इसमें 18 से 40 वर्ष की आयु के लोग नामांकन करा सकते हैं। सरकार और संबंधित संस्थाओं के प्रयासों से इस योजना का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे देश में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती मिल रही है।