DRDO ने दो नए स्वदेशी बख्तरबंद प्लेटफॉर्म का किया अनावरण



नई दिल्ली : रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) ने दो नए स्वदेशी बख्तरबंद प्लेटफॉर्म-ट्रैक्ड और व्हील्ड एडवांस्ड आर्मर्ड प्लेटफॉर्म का अनावरण किया है।इनका विकास वाहन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान द्वारा किया गया है।

इन प्लेटफॉर्म्स का अनावरण DRDO के सचिव एवं अध्यक्ष समीर वी. कामत ने अहिल्यानगर स्थित DRDO प्रयोगशाला में किया। इन्हें भारतीय रक्षा बलों की नई परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

इन स्वदेशी प्लेटफॉर्म्स में 30 मिमी क्रूलेस टर्रेट लगाया गया है, जिसमें 7.62 मिमी PKT गन और एंटी-टैंक मिसाइल लॉन्च करने की क्षमता भी शामिल है। यह प्रणाली उच्च क्षमता वाले इंजन, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और एडवांस प्रोटेक्शन सिस्टम से लैस है, जिससे बेहतर गति, ऊंचाई पर चढ़ने और कठिन बाधाओं को पार करने की क्षमता मिलती है। 

इन प्लेटफॉर्म्स में STANAG लेवल 4 और 5 की सुरक्षा प्रदान की गई है और ये जल क्षेत्र में भी संचालन करने में सक्षम हैं। परियोजना में लगभग 65 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 90 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।  इस अवसर पर DRDO के वरिष्ठ वैज्ञानिक, विभिन्न प्रयोगशालाओं के निदेशक और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।