रायपुर - मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय में श्रमिकों के लिए ‘‘ई-श्रम साथी’’ मोबाइल एप्लीकेशन छत्तीसगढ़ डिजिटल लेबर चौक का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रम विभाग के कार्यों और योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जमीनी स्तर पर उसका क्रियान्वयन हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से समय-समय पर औद्योगिक इकाइयों का औचक निरीक्षण करने को भी कहा।
बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में श्रम कार्यालयों के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन और समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।