मिशन शक्ति अभियान में मनरेगा - श्रमिकों को बताएंगे उनके अधिकार



लखनऊ,14 अक्टूबर 2020 -  महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 17 से 25 अक्तूबर तक चलाए जाने वाले मिशन शक्ति अभियान के लिए मनरेगा प्रशासन ने भी कमर कस ली है। इस अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा।

मनरेगा प्रशासन के मुताबिक अभियान के दौरान महिला श्रमिकों द्वारा जनपद में सृजित की गई अच्छी उत्पादक परिसम्पत्तियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ग्राम पंचायत में महिला श्रमिकों की विशेष बैठकों का आयोजन कर उन्हें योजना में उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।  

अभियान में महिला श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदम, उपलब्ध हेल्पलाइन व वूमेन पावर लाइन 1090, 181, 102, 112 के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा उनके आजीविका उपार्जन के सभी माध्यमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस अभियान के तहत श्रमिक महिलाओं को यह भी बताया जाएगा कि कार्यस्थलों पर महिलाओं को क्रेंच, पेयजल, आया जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। अभियान में महिला श्रमिक समूहों के गठन के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।