पटना पुलिस का ‘शक्ति सुरक्षा दल’ महिलाओं की सुरक्षा में लगातार सक्रिय



पटना : वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश एवं नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के पर्यवेक्षण में पटना पुलिस का ‘शक्ति सुरक्षा दल’ छात्राओं, युवतियों एवं महिलाओं की सुरक्षा और सहायता के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

यह विशेष टीम स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों तथा सार्वजनिक स्थलों पर जाकर महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करती है। साथ ही उनकी समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करती है। जरूरत पड़ने पर संबंधित थानों के माध्यम से विधि-सम्मत कार्रवाई भी की जाती है।

विगत माह के दौरान इस टीम ने लगभग 2700 लोगों से कॉल के माध्यम से संपर्क स्थापित किया। इस अवधि में 47 युवतियों की काउंसलिंग की गई, 55 शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की गई तथा 17 मामलों को संबंधित थानों को अग्रसारित किया गया।

शक्ति सुरक्षा दल की दो टीमें कार्यरत हैं, जिनके लिए हेल्पलाइन नंबर 9296598170 (टीम-01) और 9296580210 (टीम-02) जारी किए गए हैं। पटना पुलिस ने सभी महिलाओं, युवतियों एवं बच्चियों से अपील की है कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा करें। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें हर संभव सुरक्षा एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।