कोलकाता /नई दिल्ली - पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर भी अंतिम मुहर लग गई है। गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुभेंदु अधिकारी के नाम का ऐलान किया गया। शुभेन्दु अधिकारी ने विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी को हराया था।
इस दौरान केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बंगाल में प्रचंड जीत को बड़ी उपलब्धि करार दिया। सेंट्रल ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त किए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव दिया, इसलिए में विधायक दल के नेता के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा करता हूँ।
शुभेन्दु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर, 1970 को हुआ था। शुभेन्द अधिकारी के पिता शिशिर अधिकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वह 2005 में पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद 2009 और फिर 2014 में तामलुक से लोकसभा के सदस्य चुने गए। दिसंबर 2020 में वह तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हराकर सबको चौंका दिया। इसके बाद वह मई 2021 से 2026 तक वे पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। अब वह पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे।
बंगाल बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद अब शुभेंदु अधिकारी थोड़ी देर में राजभवन जाकर राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा करेंगे। कल सुबह वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।