परफारमेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में उत्तराखंड ने किया देश में 15वां स्थान हासिल



देहरादून - भारत सरकार द्वारा जारी परफारमेंस ग्रेडिंग इंडेक्स-पीजीआई रैंकिंग 2024-25 में उत्तराखंड ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए देशभर में 15वां स्थान हासिल किया है। पिछले वर्ष राज्य 24वें स्थान पर था। राज्य को ‘आकांक्षी-1’ श्रेणी से आगे बढ़कर ‘प्रचेष्टा-3’ श्रेणी में स्थान मिला है। 

विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इसे राज्य सरकार की नीतियों, शिक्षकों की मेहनत और विभागीय निगरानी का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत किए जा रहे सुधार अब परिणाम देने लगे हैं।

राज्य ने विभिन्न सूचकांकों में कुल 584 दशमलव पांच अंक प्राप्त किए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हैं। समानता एवं समावेशन, शासन, पहुंच, आधारभूत संरचना, शिक्षक प्रशिक्षण और लर्निंग आउटकम्स जैसे क्षेत्रों में राज्य का प्रदर्शन बेहतर रहा है। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को विद्यालयों में आधुनिक सुविधाओं और डिजिटल शिक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में राज्य की रैंकिंग में और सुधार हो सके।