महिला आरोग्य समिति की सदस्य डायरिया नियंत्रण में निभाएंगी बड़ी भूमिका



  • खेल-खेल में मिला शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया से बचाव का संदेश
  • हर बार पतली दस्त होने के बाद बच्चे को जरूर दें ओआरएस : डॉ. शोभा 

फर्रुखाबाद  l आगामी 16 जून से शुरू होने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए अभी से विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है l इसी क्रम में शुक्रवार को डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत शहर के मोहल्ला कूंचा भवानी दास में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रकाबगंज की चिकित्साधिकारी डॉ. शोभा सक्सेना की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की बैठक हुई l बैठक में उन्होंने समिति की सदस्यों से डायरिया नियंत्रण अभियान को सफल बनाने की अपील के साथ ही बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने के जरूरी टिप्स भी दिए l

बैठक के दौरान डायरिया ग्रसित दो बच्चों को देखा गया और उनको ओआरएस और जिंक निर्धारित मात्रा में देते हुए उसके प्रयोग के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी। इसके साथ ही बैठक में उपस्थित लोगों को टीकाकरण, आयुष्मान भारत योजना, परिवार नियोजन के साधनों के उपयोग व अन्य स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया l

डॉ. शोभा ने कहा कि बच्चों की सही देखभाल के साथ स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए ताकि बच्चे डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बने रहेंl डायरिया से बचने के लिए हमें अपनी नजदीक की आशा कार्यकर्ता से संपर्क करना चाहिए l उन्होंने कहा कि दिन भर में अगर बच्चे को दो या तीन से अधिक बार पानी जैसी पतली दस्त आए तो बच्चे को आशा कार्यकर्ता द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन बताई गयी मात्रा के अनुसार ही कराएं जिससे बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने पाए l 

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव ने बताया कि आगामी 16 जून से चलने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए और बच्चों को डायरिया जैसे जानलेवा रोग से बचाने के लिए जनसामान्य का भी सहयोग लिया जाएगा l बैठक के दौरान पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) से अनुपम मिश्र, एएनएम योगेंद्रवती, महिला आरोग्य समिति की अध्यक्ष कोमल, आशा पारुल सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।