सीबीआई ने एआई-आधारित नोटिस सत्यापन प्रणाली अभय का शुभारंभ किया



नई दिल्ली(ऑनलाइन डेस्क) - केंद्रीय अन्‍वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर धोखाधड़ी और तथाकथित डिजिटल गिरफ्तारी घोटालों से नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से एआई-आधारित नोटिस सत्यापन प्रणाली अभय का शुभारंभ किया है। 

सीबीआई नोटिस के प्रमाणीकरण के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता-आधारित हेल्पबॉट नामक यह प्रणाली उपयोगकर्ताओं को एजेंसी के नाम से जारी नोटिसों की प्रामाणिकता को वास्तविक समय में सत्यापित करने में सक्षम बनाती है। यह सीबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां उपयोगकर्ता ओटीपी-आधारित सत्यापन के बाद नोटिस की एक प्रति अपलोड कर सकते हैं। 

यह कदम साइबर धोखाधड़ी में वृद्धि के बीच उठाया गया है, जहां अपराधी फर्जी कानूनी नोटिस बनाने और पीड़ितों को डराने के लिए एआई और डीपफेक जैसे उन्नत उपकरणों का उपयोग करते हैं। सीबीआई ने नागरिकों से सतर्क रहने, घबराहट से बचने और ऐसे धोखाधड़ी वाले संदेशों का पालन न करने का आग्रह किया है। ।