खौफ से निकलकर विकास की नई राह पर बस्तर: अमित शाह



बस्तर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नक्सलवाद खात्मे के बाद पहली बार बस्तर पहुंचे हैं, उन्होंने मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे। बैठक के बाद अमित शाह ने बताया कैसे इस पूरे इलाके से नक्सलवाद को खत्म किया गया। साथ ही उन्होंने बताया 200 सुरक्षा कैंपों में से 70 कैंप जनसेवा कैंप में तब्दील किये जाएंगे।
 
इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर के सात जिलों में विकास की नई परियोजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा अब इस पूरे इलाके में तमाम आधुनिक सुविधाएं दी जा रही हैं, अब हर गरीब परिवार तक पीने का साफ पानी पहुंचाया जा रहा है, उनके राशन कार्ड और आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। नक्सल मुक्त बस्तर अब विकास की राह पर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने नक्सल मुक्त क्षेत्र के लिए लक्ष्य तय किया है जो नुकसान पिछले 50 साल में हुआ है उसकी भरपाई हमारी सरकार 5 साल में पूरी करेगी।