प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: राज्य स्तरीय समन्वयक



जयपुर । प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की घबराहट या उत्पादों के अनावश्यक भंडारण की आवश्यकता नहीं है। पेट्रोल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आज बुधवार को राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास के साथ बैठक में यह जानकारी दी। 

वी. श्रीनिवास ने आईओसीएल, बीपीसीएल, एचपीसीएल, जियो-बीपी एवं नायरा सहित सभी प्रमुख तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। कंपनियों के राज्य स्तरीय समन्वयक मनोज गुप्ता ने बताया कि मुख्य सचिव ने जिलावार स्टॉक की समीक्षा की तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।  

उन्होने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां तेल और गैस क्षेत्र को प्रभावित कर रही वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद, राजस्थान में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए हुए हैं। सभी आउटलेट पर ईंधन वितरण सुचारू रूप से चल रहा है और निर्धारित सुरक्षा तथा परिचालन मानदंडों के अनुरूप बिना किसी प्रतिबंध के आपूर्ति जारी है। गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि ईंधन की उपलब्धता से संबंधित प्रामाणिक और सत्यापित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।