लखनऊ - यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में यूनिफॉर्म व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया से संबद्ध शासकीय और वित्तपोषित महाविद्यालयों की समीक्षा बैठक के दौरान राज्यपाल ने यह बड़ा फैसला सुनाया।
इस फैसले का उद्देश्य शिक्षण संस्थानों में अनुशासन,समानता और एकरूपता को बढ़ावा देना बताया जा रहा है। राज्यपाल ने साफ कहा है कि शिक्षक ऐसा कोई काम न करें जिससे गुरु की गरिमा को ठेस पहुंचे।छात्राओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राज्यपाल ने कॉलेजों को शॉर्ट-टर्म वोकेशनल कोर्स शुरू करने के निर्देश दिए है। वहीं छात्रों की समस्याओं के निदान के लिए सभी कॉलेजों और यूनिवर्सिटीज में एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी,जहां छात्र-छात्राएं बिना किसी डर या झिझक के अपनी शिकायतें और समस्याएं खुलकर साझा कर सकेंगे।