नई दिल्ली - स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री, जे.पी. नड्डा ने कहा है कि स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे के साथ-साथ, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और चिकित्सा पेशेवरों का प्रशिक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नई दिल्ली में 'नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज' के 23वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। श्री नड्डा ने इस बात पर ज़ोर दिया कि डॉक्टर स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के 'सॉफ्टवेयर' के रूप में काम करते हैं, जबकि बुनियादी ढांचा और अन्य सुविधाएं देश के लिए 'हार्डवेयर' का काम करती हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र और 'स्वस्थ भारत' की परिकल्पना, 'विकसित भारत मिशन' को हासिल करने में केंद्रीय भूमिका निभाएगी; इसलिए देश के लिए चिकित्सा पेशेवरों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
'नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशंस इन मेडिकल साइंसेज' के बारे में बात करते हुए,स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री ने कहा कि इस संस्थान ने एक मज़बूत ब्रांड बनाया है जो स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में पेशेवर क्षमता, समझ और विश्वसनीयता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि मरीज़ों की देखभाल को बेहतर बनाने के लिए 11 नए कोर्स शुरू किए गए हैं।