डायरिया रोको अभियान में बड़ी भूमिका निभाने को तैयार महिला आरोग्य समितियां



  • खेल-खेल में मिला शून्य से पांच साल तक के बच्चों को डायरिया से बचाव का संदेश
  • पानी जैसी पतली दस्त होने पर बच्चे को जरूर दें ओआरएस : डॉ. सुकृति गुप्ता 

कानपुर  l प्रदेश में अगले महीने से शुरू होने वाले डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभी से बड़े पैमाने पर तैयारी शुरू कर दी है l इसी क्रम में जनपद में स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से मंगलवार को डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत शहर के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र रावतपुर की चिकित्साधिकारी डॉ. सुकृति गुप्ता की अध्यक्षता में महिला आरोग्य समिति की सदस्यों का अभिमुखीकरण किया गया l  इसमें समिति के अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों से डायरिया रोको अभियान को सफल बनाने की अपील के साथ ही बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने के जरूरी टिप्स भी दिए गए l

बैठक के दौरान डायरिया ग्रसित बच्चों की सही देखभाल और ओआरएस व जिंक की निर्धारित खुराक देने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गयी। कानपुर के राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. कैलाश चंद्रा ने बताया कि शहर में विभिन्न नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर पीएसआई इंडिया के सहयोग से अभी तक 200 महिला आरोग्य समितियों के अध्यक्षों, सचिवों और सदस्यों को डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया है l इसके अलावा लूडो खेल के माध्यम से रोचक अंदाज में डायरिया से बचाव के तरीकों, साफ़-सफाई और बच्चों की देखभाल आदि के बारे में प्रशिक्षित किया गया है l यह भी बताया गया कि बच्चों की सही देखभाल के साथ स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखा जाए तो वह डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बने रह सकते हैं l डायरिया की स्थिति में नजदीकी आशा कार्यकर्ता से संपर्क करना चाहिए l उन्होंने कहा कि अगर बच्चे को दो या तीन से अधिक बार पानी जैसी पतली दस्त आए तो बच्चे को आशा कार्यकर्ता द्वारा दी जाने वाली जिंक की गोली और ओआरएस का सेवन बताई गयी मात्रा के अनुसार ही कराएं जिससे बच्चे के शरीर में पानी की कमी न होने पाए l बैठक के दौरान पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) से राम कुमार तिवारी, अन्नू अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।