बुलंदशहर में दर्दनाक सड़क हादसा, वृंदावन जा रही कार पलटी, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर रुप से घायल



बुलंदशहर - जिले के गुलावठी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक ब्रेज़ा कार से वृंदावन दर्शन और परिक्रमा के लिए जा रहे थे। हादसा बुधवार रात गांव छपरावत के पास हुआ।  

जानकारी के अनुसार, स्याना क्षेत्र के गांव बड्डा वाजिदपुर निवासी शिवम, दीपक, आर्यन और विशाल कार में सवार होकर वृंदावन जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे कट के पास पलट गई और कई बार पलटी खाते हुए झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कर दिया था । वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य के साथ ही सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शिवम, दीपक और आर्यन की मौत हो गई। वहीं विशाल की हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।