देहरादून(डेस्क) - उत्तराखंड में किसानों को आधुनिक, प्राकृतिक और जैविक खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज से खेत बचाओ अभियान की शुरुआत हो गई है।
अभियान के तहत सहसपुर के ढाकी गांव में कृषि, कृषक कल्याण एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से संवाद कर उन्हें नई कृषि तकनीकों और सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। ढाकी गांव में आयोजित कार्यक्रम में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि 1 जून से 30 जून तक पूरे प्रदेश में खेत बचाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, प्राकृतिक खेती और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। कृषि मंत्री ने किसानों से प्राकृतिक और जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाया जा रहा है और सरकार भविष्य में भी किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।