गीडा को मिली 250 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात, मुख्यमंत्री योगी ने किया फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण



गोरखपुर- गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 में 42.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रदेश के दूसरे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। 

इस अवसर पर उन्होंने गीडा के विभिन्न सेक्टरों के लिए लगभग 208 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी तथा कामगारों के लिए ईडब्ल्यूएस-एलआईजी आवासीय परिसर का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश के विकास और उद्यम की आधारशिला सुरक्षा होती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से राज्य सरकार अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। 

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा में आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, नेपाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के युवा कार्य कर रहे हैं, जो सुरक्षित वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी के विकास और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा गरीबों, व्यापारियों और महिलाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि प्लग एंड प्ले मॉडल पर विकसित यह फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स एमएसएमई क्षेत्र को नई गति देगा और इससे प्रत्यक्ष रूप से लगभग 1000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसमें रेडीमेड गारमेंट, आईटी और फार्मा जैसे प्रदूषण रहित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।