मुजफ्फरपुर : प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में भीषण आग, तीन मरीजों की मौत



मुजफ्फरपुर(बिहार) : मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे भीषण आग लगने से तीन मरीजों की मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों के बीच चीख-पुकार की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अन्य मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना पर जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया कि आग लगने के समय आईसीयू में 13 से 15 मरीज भर्ती थे। हादसे में तीन मरीजों की मौत की पुष्टि हुई है। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी कराई जा रही है।

वहीं, 29 मई से अस्पताल में भर्ती एक मरीज के परिजन शशांक ने दावा किया कि घटना सुबह करीब पौने चार बजे हुई। उनके अनुसार उस समय आईसीयू में 20 से 25 मरीज भर्ती थे। 

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि मृतकों और अन्य मरीजों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।