विकास कार्यों में तेजी लाने और नालों की सफाई 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश
लखनऊ - प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ गुरुवार को नगर निगम जोन-4 अंतर्गत खरगापुर सरसवां, भरवारा-मल्हौर, चिनहट प्रथम एवं राजीव गांधी प्रथम वार्ड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी प्रणाली और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर का निर्माण करना है, जिसके लिए सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करना होगा।
खरगापुर सरसवां वार्ड में सेक्टर-5 गोमती नगर विस्तार, गीतापुरी चौराहा और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए संकट मोचन द्वार के निकट निर्माणाधीन नाले की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नाले का निर्माण कार्य 19 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।
भरवारा-मल्हौर वार्ड में एसटीपी एमिटी रोड के पास खाली पड़े भूखंडों पर अनधिकृत कूड़ा डंपिंग पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी मंत्री ने संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही खाली भूखंड स्वामियों को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल निर्माण सुनिश्चित कराने के आदेश दिए गए, जिससे अतिक्रमण और कूड़ा डंपिंग की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सके।
चिनहट प्रथम वार्ड के बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी बल दिया गया, ताकि नागरिकों और व्यापारियों को असुविधा न हो।
राजीव गांधी प्रथम वार्ड में मिठाई वाला चौराहा स्थित पीसीटीएस का निरीक्षण किया गया, जहां स्वच्छता एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की गई। इस अवसर पर कहा गया कि ऐसी कार्यसंस्कृति अन्य क्षेत्रों में भी अपनाई जानी चाहिए।
निरीक्षण के उपरांत प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नालों की सफाई कार्य 30 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता, जल निकासी, यातायात प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं।इस अवसर पर नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, जलकल विभाग के अधिकारी, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।