फतेहपुर पुलिस की नई पहल: घायल को एंबुलेंस का इंतजार नहीं, पुलिस वाहन से तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाएगा



लखनऊ - फतेहपुर पुलिस ने जनसेवा और संवेदनशील पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर जिले की सभी डायल-112 पीआरवी और थाना पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि सड़क दुर्घटना या किसी अन्य घटना में घायल व्यक्ति मिलने पर 108 एंबुलेंस का इंतजार न किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस वाहन से ही घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया जाए, ताकि गोल्डन ऑवर का प्रभावी उपयोग कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में प्रतिदिन औसतन 400 घटनाओं की सूचना डायल-112 पर प्राप्त होती है और 90 किलोमीटर लंबे हाईवे पर दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है। ऐसे मामलों में घायल को शीघ्र अस्पताल पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि डायल-112 की सभी गतिविधियों की निगरानी स्वयं उनके द्वारा की जा रही है। साथ ही, पीआरवी कर्मियों द्वारा बॉडी वॉर्न कैमरों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे घटनास्थल की रिकॉर्डिंग होती है और जांच व सत्यापन में सहायता मिलती है। इस पहल से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ी है और आम जनता का डायल-112 सेवा पर भरोसा भी मजबूत हुआ है।