इंदौर। प्रख्यात कथाकार, पद्मश्री से अलंकृत, श्रीमति मालती जोशी की स्मृति में होने वाला वार्षिक आयोजन 'स्मृति कल्प' इस बार रविवार 14 जून को प्रीतम लाल दुआ सभागार इंदौर में सुबह दस बजे से होगा। आयोजन में दो सत्र होंगे जिनमें मालती जोशी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर वरिष्ठ साहित्यकारों द्वारा चर्चा की जाएगी तथा उनकी कहानियों का पाठ होगा ।
इसमें शिरकत करने इस वर्ष प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेता, पटकथाकार और निर्देशक अतुल तिवारी मुंबई से और, वरिष्ठ साहित्यकार और संपादक लक्ष्मीशंकर बाजपेयी दिल्ली से आ रहे हैं। जानी मानी टेलीविजन हस्ती और साहित्यकार रंजना चितले और प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर तथा रंगमंच हस्ती मंजूषा राजस जौहरी, मालती जी की कहानियों का पाठ करेंगी। प्रसिद्ध साहित्यकार ज्योति जैन, अनीता सक्सेना और शिक्षा विद मधुरा फड़के अपने संस्मरण साझा करेंगी । यह आयोजन सोमनाथ एंड मालती जोशी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित किया जा रहा है ।