योग दिवस 2026 : देशभर में दिखा योग का उत्साह, पीएम मोदी से लेकर सीएम योगी तक ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश



  • दुनियाभर में आज मनाया जा रहा है 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

नई दिल्ली/कोलकाता/लखनऊ/झांसी - 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरे देश में उत्साह और ऊर्जा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तक कई प्रमुख हस्तियों ने योगाभ्यास कर लोगों को स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कोलकाता के रेड रोड से पीएम मोदी ने किया राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड से आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने हजारों योग साधकों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र में भाग लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति और वैश्विक सद्भाव का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को सही और गलत के बीच अंतर समझने की शक्ति देता है और स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि आज दुनिया भारत की इस प्राचीन परंपरा को अपना रही है।

जनभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया योगाभ्यास : लखनऊ स्थित राजभवन लॉन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हिस्सा लिया। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

राज्यपाल ने कहा कि एक समय था जब योग केवल साधु-संतों और योगियों तक सीमित था, लेकिन आज यह करोड़ों लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

झांसी किला मैदान में सीएम योगी का योग संदेश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर झांसी किला मैदान में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लिया। ऐतिहासिक झांसी किले से योगाभ्यास करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और बीमारियों से बचाव संभव होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की योग परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है।

लखनऊ रेजिडेंसी में दिखा ऐतिहासिक माहौल : लखनऊ की ऐतिहासिक रेजिडेंसी में भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और जिलाधिकारी विशाख जी की मौजूदगी में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

सुबह की ताजी हवा और ऐतिहासिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है और इसे हर व्यक्ति को अपनाना चाहिए।

देशभर में योग का उत्सव : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर देशभर के स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों में योग को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विशेषज्ञों का मानना है कि “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” की थीम आज के दौर में बेहद प्रासंगिक है, क्योंकि योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है।