हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 20 जुलाई तक ऑनलाइन कर सकेंगे पंजीकरण



लखनऊ, । हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। इच्छुक आवेदक 22 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट और ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप के माध्यम से किए जा सकेंगे।हज कमेटी के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार की छूट या अवधि विस्तार नहीं दिया जाएगा।जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन (कुर्रा) प्रक्रिया संपन्न होगी। चयनित होने वाले प्रत्येक अस्थायी (प्रोविजनल) हज यात्री को 10 अगस्त 2026 तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि जमा करनी होगी।हज यात्रा के इच्छुक लोगों को आवेदन से पहले हज-2027 की नीति और दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन आवेदन के साथ कुछ आवश्यक दस्तावेजों की स्कैन प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा।आवेदन के लिए मशीन पठनीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, नवीन पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक तथा पते के प्रमाण पत्र की स्कैन प्रति अपलोड करनी होगी। पासपोर्ट आवेदन की अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए और उसकी वैधता कम से कम 31 दिसंबर 2027 तक होनी आवश्यक है।हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि चयन के बाद सीट निरस्त कराने की स्थिति में हज-2027 के दिशा-निर्देशों के अनुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे पूरी तैयारी और यात्रा के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के बाद ही आवेदन करें।हज कमेटी ने सभी इच्छुक आवेदकों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखने का अनुरोध किया है, ताकि पंजीकरण में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।