गोण्डा । गोण्डा के सांसद एवं विदेश तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह (राजा भैया) ने शनिवार को गोंडा स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली, नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा सेवा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की और आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने पासपोर्ट आवेदन की प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन, प्रतीक्षालय, हेल्प डेस्क, साफ-सफाई तथा आवेदकों को मिलने वाली सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण सेवा में पारदर्शिता, समयबद्धता और नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक आवेदक को सरल, सुगम और परेशानी मुक्त सेवा उपलब्ध कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न होने पाए।
इस अवसर पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए बताया कि गोण्डा का पासपोर्ट सेवा केंद्र रेटिंग के आधार पर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह बेहतर कार्यसंस्कृति, टीमवर्क और जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी गुणवत्ता और उत्कृष्टता को बनाए रखने का आह्वान किया।
निरीक्षण के उपरांत केंद्रीय राज्य मंत्री ने कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान पासपोर्ट सेवा केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मंत्री का स्वागत किया तथा केंद्र की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक जनहितकारी एवं प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।