लखनऊ में एक और अग्निकांड, चिनहट में कोल्‍ड स्‍टोर में लगी आग



लखनऊ - लखनऊ के अलीगंज में अग्निकांड के बाद एक और जगह से आग की लपटें उठी हैं, इस बार लखनऊ के चिनहट का कोल्‍ड स्‍टोर धधक उठा है। चिनहट इलाके में हिमालय कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं से आस का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। 

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता के चलते उसे काबू में करने के लिए लगातार मशक्कत जारी है। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का सही आकलन और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।