हरिद्धार/रूड़की : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिभा देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति है तथा राज्य सरकार उन्हें शिक्षा, कौशल, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
रविवार को रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में बेरोजगारी दर में चार दशमलव चार प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ संवाद भी किया और उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी निगरानी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।