नई दिल्ली : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने तीन-भाषा नीति के क्रियान्वयन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने मौजूदा कक्षा 10 के छात्रों को बड़ी राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि इस बैच पर नई तीन-भाषा नीति लागू नहीं होगी। ये छात्र पहले की व्यवस्था के अनुसार ही अपनी पढ़ाई पूरी करेंगे। CBSE ने 2026-27 सत्र में कक्षा 9 में पढ़ रहे छात्रों को भी एक बार के लिए राहत दी है। इन छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, लेकिन वे दो विदेशी भाषाएं जारी रख सकते हैं। इसके साथ उन्हें तीसरी भाषा के रूप में एक भारतीय भाषा अनिवार्य रूप से शामिल करना होगा।
यह स्पष्टीकरण उस फैसले के बाद आया है, जिसमें 1 जुलाई से कक्षा 9 के छात्रों के लिए कम से कम दो भारतीय भाषाओं सहित तीन भाषाएं पढ़ना अनिवार्य किया गया था। इस निर्णय को लेकर कई छात्रों और अभिभावकों ने अदालत का रुख किया था। CBSE ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कक्षा 7 से 9 में पढ़ रहे छात्रों को जब वे कक्षा 10 में पहुंचेंगे, तब तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी। बोर्ड ने दोहराया कि नई भाषा नीति और गणित एवं विज्ञान में दो-स्तरीय प्रणाली सहित अन्य शैक्षणिक सुधारों को 2026-27 शैक्षणिक सत्र से चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।