लखनऊ - उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग कल से 15 जुलाई तक प्रदेश स्तर पर मिशन सेफ फ्यूचर नाम का अभियान चलायेगा।
इस अभियान में कार्यालय स्तर से बिना फिटनेस, बिना परमिट स्कूल वाहनों के धारक स्कूलों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों को नोटिस या फोन द्वारा सचेत किया जाएगा कि वे जुलाई के पहले सप्ताह तक शत प्रतिशत स्कूल वाहनों का फिटनेस कराएं और वैध परमिट प्राप्त करें।
परिवहन आयुक्त ने निर्देश दिये हैं कि बिना परमिट, फिटनेस और भौतिक रूप से असुरक्षित दिखने वाले स्कूल वाहनों को निरुद्ध करते हुए उनकी सूची, स्कूल के नाम सहित जिलाधिकारी के माध्यम से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजी जाए। बार बार सचेत करने के बावजूद जो स्कूल बिना परमिट, बिना फिटनेस स्कूल वाहनों का संचालन जारी रखेंगे उनकी मान्यता निरस्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।