आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अब लाभार्थियों को खाद्यान्न व दूध का पाउडर मिलेगा



हर माह की पांच तारीख को होगा वितरण, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी होंगी वितरण में शामिल

लखनऊ, 30 अक्टूबर 2020 - आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अब पंजीकृत लाभार्थियों को वीनिंग फूड, मीठा और नमकीन दलिया के स्थान पर खाद्यान्न और दूध पाउडर दिया जायेगा | यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेन्द्र दुबे ने दी | उन्होंने बताया – खाद्यान्न वितरण की जिम्मेदारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं  और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी गयी है | नयी व्यवस्था को लागू करने के लिए सार्वजानिक वितरण प्रणाली के उचित दर विक्रेता और स्वयं सहायता समूहों को आंगनबाड़ी केन्द्रों से जोड़ा जा रहा है |

 श्री दुबे ने बताया- आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाएं, 6 माह से 6 वर्ष की आयु के बच्चों और किशोरियों को पोषाहार दिया जाता था, लेकिन  अब इसके बदले  दाल, चावल, गेंहू और दूध का पाउडर दिया जायेगा |

डीपीओ ने बताया- नयी व्यवस्था में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं प्रत्येक महीने की पांच  तारीख़ को केंद्र पर खाद्यान्न और दूध के पाउडर का वितरण करेंगी | इस व्यवस्था से 10 बाल विकास परियोजनाओं के 2730 आंगनबाड़ी केन्द्रों के लगभग 5.82  लाख लाभार्थियों को लाभ मिलेगा |