विश्व क्षय रोग दिवस पर कई स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित



  • टीबी की जाँच व इलाज है मुफ्त-लक्षण दिखे तो जाँच जरूर कराएँ : डीटीओ

लखनऊ, 24 मार्च 2021 - विश्व क्षय रोग दिवस पर बुधवार को जनपद के  शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गए , इनमें प्रमुख रूप से गोष्ठी, रैली आदि शामिल रहे | मुख्य कार्यक्रम जिला क्षय रोग केंद्र , राजेंद्र नगर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डा.ए.के.चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया |  इस मौके पर उन्होंने कहा-  टीबी पूर्णतया ठीक होने वाला रोग है और इसकी जाँच और इलाज निःशुल्क उपलब्ध है | साथ ही पोषण हेतु मरीज के खाते में 500 रूपये सीधे स्थानान्तरित होते हैं | किसी व्यक्ति को दो  हफ्ते से ज्यादा खांसी हो, वजन लगातार गिर रहा हो, शाम के समय बुखार हो तो वह पास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जाँच कराएँ | यह सन्देश जन जन तक पहुंचना चाहिए तभी हम वर्ष 2025 तक देश, राज्य व जिले को टीबी से मुक्त कर पायेंगे |
इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर ई-रथ को रवाना किया गया ,जिन पर टीबी जागरूकता को लेकर सन्देश चस्पा किये गए हैं |  यह ई-रिक्शा तीन  दिन तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लगभग 25000 लोगों की टीबी की स्क्रीनिंग करेंगे और  लोगों को जागरूक करेंगे | साथ ही सेल्फी प्वाइंट तथा हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया जो ई रिक्शा के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर संचालित कर वहां पर भी लोगों को टीवी के प्रति जागरूक किया जाएगा |

 इस अवसर पर राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के दिलशाद हुसैन और फहीम अहमद उपस्थित थे | इसके अलावा ममता संस्था के सहयोग से  सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाईजर अभय चंद्र मित्रा द्वारा  स्कूली बच्चों के साथ ज़ूम के माध्यम से ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया , जिसमें छात्रों को टीवी की जानकारी देकर उनसे प्रश्न भी  किए गए | विजेता बच्चों को बाद में सम्मानित किया जाएगा |

स्वयं सेवी संस्था जीएलआरए इंडिया  के सहयोग से  ट्रांसपोर्ट नगर में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के रत्नेश यादव और अमित यादव ने जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया | साथ ही स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर  20 लोगों को चिन्हित किया जिनमें टीबी के लक्षण  पाए गए | इन सभी की  ट्रूनॉट  से जांच कराने की व्यवस्था की गई |

इसके अलावा  आलमबाग के सिंधी गर्ल्स इंटर कॉलेज सहित 15 स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें आलमबाग के सिंधी गर्ल्स इंटर कॉलेज, माल क्षेत्र के स्कूल में भी लोगों को जागरूक कर गांव में रैली निकालकर छात्रों के द्वारा जानकारी दी गई |

माल सामुदायिक स्वास्थ्य  केंद्र पर प्लान इंडिया व जिला क्षय नियंत्रण विभाग द्वारा  आच्छादित  20 ग्राम पंचायतों के 10 गांव में टीबी जागरूकता रैली, गोष्ठी, शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया |इस क्रम में प्लान इंडिया से चारु शुक्ला, संदीप त्यागी, सौरभ सिंह, राज कमल सिंह और डॉट्स केंद्र से दौलत राम  व उनके अन्य साथियों ने ग्राम पारा पीरनगर, सिसवारा रामपुर व अन्य 7 गांव में  टीबी  के लक्षण वाले लोगों का  सैंपल भी लिया |