अफवाहों पर ध्यान न देकर , प्रोटोकाल का पालन करते हुए ड्यूटी निभा रहीं शाहीन



  • पोषण पुनर्वास केंद्र पर ड्यूटी करते हुए अपने को कोरोना से रखा सुरक्षित

लखनऊ, 2 मई  2021 - कोविड-19 को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर बिल्कुल  भी ध्यान न दें क्योंकि अफवाहें न केवल मानसिक रूप से कमजोर कर देती हैं बल्कि यह बीमारी से भी ग्रसित कर   सकती हैं | यह कहना है बलरामपुर जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) पर कार्यरत पोषण विशेषज्ञ शाहीन फातिमा का | शाहीन ने  पौष्टिक भोजन, कोरोना से बचाव के प्रोटोकॉल  का पालन और मानसिक दृढ़ता के बदौलत कोरोना बीमारी से अपने को अभी तक बचा कर  रखा हुआ है |

शाहीन कहती हैं –  एनआरसी में 28 दिन से पांच  साल तक के बच्चे व् अटेंडेंट रहते हैं | जहां उनका   क्लिनिकल ट्रीटमेंट के साथ में पोषण प्रबंधन भी होता है  | एनआरसी के साथ ही  ओपीडी में भी पेशेंट एवं अटेंडेंट के सम्पर्क में आना होता है  | इसके अलावा  हम समुदाय में जाकर फ्रंट लाइन वर्कर द्वारा चिन्हित किये गए अतिकुपोषित बच्चों का अवलोकन करते हैं  और ऐसे बच्चों  के अभिभावकों से मिलकर बच्चों के  कम्युनिटी रेफेरल  (एनआरसी संदर्भन) के लिए प्रोत्साहित  करते  हैं | इसके साथ ही ग्राम  स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) पर भी आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम के साथ स्वास्थ्य एवं पोषण पर बैठक करते हैं |

शाहीन बताती हैं-  इन कामों के साथ ही विभागीय बैठकें भी करते हैं और  व्यक्तिगत काम के लिए भी घर से बाहर निकलते  हैं  लेकिन  मैनें मास्क लगाना कभी नहीं छोड़ा | बार - बार हाथ धोना और दूसरों से दो गज की दूरी बनाकर रहने   का हमेशा ख्याल रखा | जब हम काम से वापस  घर आते हैं  तो सबसे पहले स्नान करते  हैं  उसके बाद ही घर के सदस्यों से मिलते हैं  | तनाव से दूर रहते हैं, , अपने खाने में इम्युनिटी बढ़ाने वाली चीजों को शामिल किया हुआ है  और ऐसे मैसेज जो नकारात्मक होते हैं उनसे दूर ही रहने का प्रयास करते हैं  | अफवाहों पर ध्यान नहीं देते हैं , अफवाहें  आपको कमजोर बना देती हैं आपके सोचने समझने की शक्ति कमजोर हो जाती है आप अन्यथा ही डरने लगते हैं |

शाहीन कहती हैं – मैनें अपना कोविड का टीकाकरण भी करवाया और लोगों से मेरी यह गुजारिश है कि वह भी  टीकाकरण अवश्य करवाएं और मास्क लगाना, दूसरों से दो गज की सामाजिक दूरी, बार - बार साबुन और पानी से 40 सेकेण्ड तक हाथ धोते रहें | आज कोरोना फिर से प्रभावी है, इसलिए  घर से बाहर न जाएँ और न ही लोगों को  अपने घर में आमंत्रित करें | सार्वजनिक समारोह में शामिल न हों और सबसे महत्वपूर्ण बात कि सकारात्मक सोच रखें |