गोंडा में सिलिंडर ब्लास्ट के बाद जमींदोज हुए दो मकान, 8 की मौत



लखनऊ/गोंडा  - उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा (Gonda) में एक दो मंजिला मकान में अचानक धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद मकान भरभराकर गिर गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई वहीं घटना में सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से यह हादसा हुआ है. मकान गिरने की वजह से 15 लोग मलबे में दब गए थे।

जानकारी के अनुसार घटना गोंडा में वजीरगंज इलाके के टीकरी गांव की है। रात को सिलिंडर ब्लास्ट होने के बाद अगल-बगल के मकान गिर गए। घटनास्थल से 14 लोगों को अस्पताल लाया गया जहां सात को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में मलबे से एक शव और मिला। बाकियों का इलाज चल रहा है। मरने वालों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और दो पुरुष और एक लड़का शामिल है।  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से जानकारी दी गई है कि उन्होंने जनपद गोंडा में गैस सिलिंडर में विस्फोट की दुर्घटना में हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तेजी से राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

विस्फोट की सूचना मिलते ही मौके पर आईजी देवीपाटन रेंज, पुलिस अधीक्षक, एएसपी और कई थानों की फोर्स पहुंच गई और रेस्क्यू शुरू किया गया | जिसके बाद मलबे से आठ लोगों के शवों को निकाला गया है | एसपी और उप जिलाधिकारी के निर्देशन में राहत एवं बचाव कार्य जारी है | फिलहाल विस्फोट के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन विस्फोट का जो स्तर है उससे कुछ भी अंदाजा लगाना मुश्किल है |