नई दिल्ली : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संरक्षक शिबू सोरेन का आज दिल्ली के अस्पताल में निधन हो गया है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में उन्होंने 81 साल की उम्र में सुबह 8.56 मिनट पर अंतिम सांस ली। शिबू सोरेन लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और उनका इलाज दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में चल रहा था। हालांकि तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था और हालत ज्यादा खराब होने के बाद उनको पिछले कुछ दिनों से वेन्टिलेटर पर रखा गया था।
उनको किडनी की समस्या थी, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती किया गया था। उन्होंने अगल झारखंड राज्य की स्थापना के लिए संघर्ष किया था। शिबू सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक थे। वह 38 सालों तक झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष रहे। अभी शिबू सोरेन के बेटे हेमंत सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हैं। वह लगातार दूसरी बार झारखंड के मुख्यमंत्री हैं। वर्तमान में हेमंत सोरेन ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं। जबकि शिबू सोरेन अभी पार्टी संरक्षक थे।
पीएम मोदी ने शिबू सोरेन के निधन पर जताया शोक, हेमंत सोरेन से की बात : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक शिबू सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया के एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने हेमंत सोरेन से फोन पर बात कर संवेदना व्यक्त की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा- शिबू सोरेन एक जमीनी नेता थे, जो जनता के प्रति अटूट समर्पण के साथ सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़े। वह विशेष रूप से आदिवासी समुदायों, गरीबों और दलितों को सशक्त बनाने के प्रति भावुक थे।
पीएम मोदी ने आगे लिखा- उनके निधन से बहुत दुख हुआ है। मेरी संवेदनाएँ उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की और संवेदना व्यक्त की है। ओम शांति!