मुंबई - केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मुंबई में भारत समुद्री सप्ताह 2025 का उद्घाटन किया, जिसके साथ ही भारत की समुद्री क्षमताओं को बढ़ाने और ब्लू इकॉनमी के क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए समर्पित पांच दिवसीय कार्यक्रम की आधिकारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत का समुद्री इतिहास बहुत पुराना है। भारत के समुद्री इतिहास के सबूत पुराने समय से मिलते आ रहे हैं। आज भारत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समुद्री सेक्टर को एक्सप्लोर करने के लिए तैयार है। साथ ही गृह मंत्री ने कहा कि भारत ग्लोबल मैरीटाइम सेक्टर में एक उभरती हुई शक्ति के रूप में उभरता दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही उन्होंने भारत के समुद्री बुनियादी ढाँचे के आधुनिकीकरण और सुधार पर ज़ोर दिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत को एक वैश्विक समुद्री केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जिसमें व्यापार विस्तार, तकनीकी नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय नीति सहयोग पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।