नई दिल्ली : हरियाणा के सूरजकुंड में 39वां अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला एक बार फिर रंग, कला और संस्कृति के अद्भुत संगम के साथ सजा है। इस वर्ष मेले की थीम ‘लोकल टू ग्लोबल’ रखी गई है, जो स्थानीय हस्तशिल्प और परंपराओं को वैश्विक मंच प्रदान करने की सोच को दर्शाती है।
मेले में 50 से अधिक देशों के प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है। देश-विदेश से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक और आधुनिक हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाथ से बनी कलाकृतियां, वस्त्र, आभूषण और सजावटी सामान दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
सिर्फ हस्तशिल्प ही नहीं, बल्कि विभिन्न राज्यों और देशों के स्वादिष्ट व्यंजन भी मेले का प्रमुख आकर्षण हैं। फूड कोर्ट में पारंपरिक पकवानों से लेकर अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों तक की विविधता देखने को मिल रही है।