लखनऊ - उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी KGMU में आधुनिक चिकित्सा विज्ञान का बड़ा संगम देखने को मिला। यहां एआईपीकॉन 2026, एडवांस्ड इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञों ने फेफड़ों की जटिल बीमारियों के इलाज से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान लाइव ब्रोंकोस्कोपी, ईबीयूएस, क्रायोबायोप्सी, एयरवे स्टेंटिंग और थोराकोस्कोपी जैसी उन्नत प्रक्रियाओं का सीधा प्रदर्शन किया गया, जिससे चिकित्सकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण का अवसर मिला। खास बात यह रही कि बड़ी संख्या में युवा डॉक्टरों ने इस सम्मेलन में भाग लेकर नई तकनीकों को करीब से समझा। विशेषज्ञों का मानना है कि इन आधुनिक विधियों के जरिए फेफड़ों के कैंसर और अन्य गंभीर श्वसन रोगों की शुरुआती और सटीक पहचान संभव होगी। ऐसे आयोजनों से न सिर्फ डॉक्टरों की दक्षता बढ़ेगी, बल्कि मरीजों को भी बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा।