CRPF के बिना देश की आंतरिक सुरक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती: अमित शाह



  • गुवाहाटी में CRPF स्थापना दिवस समारोह, अमित शाह ने जवानों के शौर्य को किया नमन

गुवाहाटी - केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह असम के गुवाहाटी में केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के 87वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा, CRPF के महानिदेशक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अपने संबोधन में शाह ने कहा कि CRPF ने 86 वर्षों में शौर्य, धैर्य और बलिदान के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत आधार दिया है।

अमित शाह ने कहा कि CRPF के बिना देश की आंतरिक सुरक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि बल के 2,270 जवान देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान दे चुके हैं। कर्तव्यपरायणता और साहस के कारण CRPF देश की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बनकर उभरी है।

गृह मंत्री ने कहा कि एक समय जम्मू-कश्मीर, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र और नॉर्थईस्ट आंतरिक सुरक्षा के बड़े हॉटस्पॉट थे, लेकिन आज इन क्षेत्रों में शांति स्थापित हुई है और वे विकास के ग्रोथ इंजन बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन CRPF के बलिदान और समर्पण के बिना संभव नहीं था।