नई दिल्ली : भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की ओर बड़ा क़दम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने HCL-Foxconn की सेमीकंडक्टर फैसिलिटी का शिलान्यास किया। उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में हुए शिलान्यास कार्यक्रम में पीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े। यह यूपी का पहला सेमीकंडक्टर विनिर्माण केन्द्र है, जो सेमीकंडक्टर असेम्ब्ली, टेस्टिंग, मार्किंग और पैकेजिंग केन्द्र के रूप में कार्य करेगा। परियोजना में 3700 करोड़ का निवेश होगा।
पीएम ने कहा कि 20वीं सदी में जिन देशों के पास तेल था वहां समृद्धि और सामर्थ्य दोनों आए। 21वीं सदी में यही सामर्थ्य छोटी सी चिप में है। पीएम ने कोरोना महामारी में सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन बाधित होने के प्रभावों का ज़िक्र किया। पीएम ने बताया कि उस स्थिति को देखते हुए भारत ने चिप विनिर्माण में आत्म निर्भर होने का फैसला किया।
पीएम ने कहा कि आज दुनिया भारत में तकनीकी भविष्य देख रही है। पीएम ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे चरण और दुर्लभ खनिजों को बढ़ावा देने से जुड़े बजट प्रावधानों को रेखांकित किया। पीएम ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट की सफल मेज़बानी का भी ज़िक्र किया।
पीएम ने कहा कि पहले पलायन और अभाव यूपी की पहचान बन गए थे लेकिन डबल इंजन सरकार में राज्य प्रगति और विकास की नई गाथा लिख रहा है। पीएम ने विश्वास जताया कि देश की इस दशक की तकनीकी विकास यात्रा इस सदी के भारतीय सामर्थ्य का आधार बनेगी।