रायपुर। विश्व रेडियो दिवस पर आज रायपुर में आकाशवाणी और यूनेस्को द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय स्तर के एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस वर्ष विश्व रेडियो दिवस की थीम “रेडियो और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस” है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आकाशवाणी सूचना, शिक्षा और स्वस्थ मनोरंजन देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों और किसानों के लिए इसकी विशेष भूमिका है।
श्री साय ने कहा कि तेज गति से समाचार देने के लिए विभिन्न माध्यमों के बीच हो रही प्रतिस्पर्धा के बीच आकाशवाणी ने विश्वसनीय, संतुलित और जनहितकारी सूचना देने की अपनी परंपरा को कायम रखते हुए एक विशेष पहचान बनाई है। आकाशवाणी के महानिदेशक ने कहा कि बदलती तकनीक के साथ आकाशवाणी ने भी कई परिवर्तन किए हैं और आज आकाशवाणी की कोशिश है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस तरह से उपयोग किया जाए कि उसकी विश्वसनीयता और श्रोताओं के साथ उसका आत्मीय रिश्ता बना रहे।