अब देश में 75 हजार हेक्टेयर जमीन पर की जायेगी जड़ी-बूटियों की खेती, आयुष मंत्रालय बाँट रहा पौधे



नई दिल्ली (डेस्क) - आयुष मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय औषधीय पौधे बोर्ड (एनएमपीबी) ने स्वतंत्रता के अमृत उत्सव के मद्देनजर देश भर में जड़ी-बूटियों की खेती को बढ़ावा देने के लिए एक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया है। इस कदम से किसानों की आय बढ़ेगी और हरित भारत का सपना पूरा होगा। अभियान के तहत अगले एक साल में पूरे देश में 75 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में जड़ी-बूटियों की खेती की जाएगी।

इस कार्यक्रम की शुरुआत उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और महाराष्ट्र के पुणे से की गई है। केंद्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि औषधीय पौधों के सिलसिले में देश की अपार क्षमता है। 75,000 हेक्टेयर रकबे में जड़ी-बूटियों की खेती से देश में देशी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। जड़ी-बूटियों की खेती किसानों की आय का बड़ा स्रोत बनेगी। आयुर्वेदिक दवाओं की उपलब्धता के मामले में देश भी आत्मनिर्भर होगा।  

इसी क्रम मैं सहारनपुर में आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धर्म सिंह सैनी, एनएमपीबी के अनुसंधान अधिकारी सुनील दत्त और आयुष मंत्रालय के अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

उत्तर प्रदेश के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धर्म सिंह सैनी ने जड़ी-बूटियों की खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया। आसपास के कई जिलों से आए 150 किसानों को औषधीय पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए।