उत्तर प्रदेश : जेल मैन्युअल में हुए बदलाव, 100 साल पुराने जेल के मैनुअल में किया गया बदलाव



  • मंगलवार को यूपी की कैबिनेट की हुई बैठक में लिया गया फैसला

लखनऊ - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को यूपी की कैबिनेट की बैठक में सरकार ने लखनऊ के कुकरैल में नाइट सफारी के साथ 16 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई।  इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अंग्रेजों के जमाने से जेल मैन्युअल को लेकर चले आ रहे कानूनों में बदलवा के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। अब यूपी के जेल नए मैन्युअल के आधार पर संचालित होंगे।

अब नए मैन्युअल के तहत महिला बंदी अब जेलों में मंगलसूत्र पहन सकेंगी। बच्चों के जन्म पर उनका नामकरण संस्कार भी हो सकेगा। वहीं बंदियों के खानपान और महिला बंदियों के बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था जैसे कई बदलाव किए गए हैं।

नये बदलाव के तहत अब उत्तर प्रदेश की जेलों में अंग्रेज और राजा रजवाड़ों से जुड़ी सारी व्यवस्थाएं खत्म कर दी गई हैं। वहां व्रत और रमजान के समय रोजा की भी व्यवस्था रहेगी। कैंटीन खोली जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के काउंटर भी खुलेंगे। महिलाओं के लिए हाइजीन से जुड़ी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जेलों में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था स्थापित होगी।

बिजली विभाग की तीन कंपनियां मर्ज कर बनेगी एक कंपनी : बैठक के निर्णयों की जानकारी देते हुए ऊर्जा मंत्री अरविन्द शर्मा ने बताया कि तीन कंपनियों को मर्ज कर एक कंपनी बनाया जाएगा। पहली कंपनी राज्य उत्पादन विद्युत निगम, जल विद्युत उत्पादन निगम, जवाहर विद्युत उत्पादन निगम हैं। ये तीनों अब एक कंपनी के रूप में कार्य करेंगी। यूपी राज्य उत्पादन विद्युत निगम के नाम से यह नयी कंपनी होगी।