पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी जिले में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत इस महीने के अंतिम सप्ताह की शुरुआत से 100 दिन का विशेष टीबी मुक्त अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित अभियान के तहत उन लोगों पर अधिक ध्यान दिया जाएगा, जिन्हें संक्रमण का खतरा सबसे अधिक है। विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीजों के साथ ही धूम्रपान करने वाले लोगों की नॉट टेस्ट व एक्स-रे के द्वारा विशेष जांच करेंगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले बीमार लोगों की पहचान के लिए आशा कार्यकत्रियां और एएनएम घर-घर जाकर सर्वे करेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में एक हजार 166 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 609 ग्राम पंचायतें, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के दौरान लोगों में टी.बी. के लक्षण, समय पर जांच, नियमित उपचार और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाए जाने को लेकर जोर दिया जाएगा।